हमीरपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को हमीरपुर में विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों को गति इसलिए मिली है क्योंकि जनता ने अच्छे जनप्रतिनिधियों को चुना है। उन्होंने कहा कि कभी पानी की समस्या, पहचान के संकट और माफिया राज से जूझने वाला बुंदेलखंड आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश और प्रदेश की तस्वीर बदली है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की ऋषि परंपरा और योग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक पहचान दिलाई है। आज दुनिया के 100 से अधिक देश योग के माध्यम से भारत की संस्कृति से जुड़ रहे हैं
योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ दलों ने जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति कर प्रदेश को पीछे धकेला, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के लिए 140 करोड़ देशवासी और प्रदेश सरकार के लिए 25 करोड़ प्रदेशवासी ही परिवार हैं।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड अब एक्सप्रेस-वे, डिफेंस कॉरिडोर और नई औद्योगिक परियोजनाओं के जरिए विकास की नई पहचान बना रहा है। प्रदेश में रक्षा उपकरणों और गोला-बारूद का निर्माण हो रहा है, जिससे देश की सैन्य शक्ति भी मजबूत हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बुंदेलखंड में माफिया और अवैध खनन का बोलबाला था, लेकिन डबल इंजन सरकार ने माफिया राज पर प्रभावी कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब पहचान का मोहताज नहीं है। प्रदेश में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य किए जा रहे हैं और जनता के एक वोट ने प्रदेश तथा बुंदेलखंड की तकदीर बदलने का काम किया है।
