Homeउत्तर प्रदेशसीएम योगी 3 जुलाई को करेंगे अत्याधुनिक प्रशासनिक प्रशिक्षण केंद्र का लोकार्पण,...

सीएम योगी 3 जुलाई को करेंगे अत्याधुनिक प्रशासनिक प्रशिक्षण केंद्र का लोकार्पण, सुशासन को मिलेगी नई ताकत

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक दक्षता और सुशासन को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 3 जुलाई को डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी के नए अत्याधुनिक परिसर का लोकार्पण करेंगे। करीब 464 करोड़ रुपये की लागत से 22 एकड़ क्षेत्र में विकसित यह परिसर अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण तथा नेतृत्व विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा।

सुल्तानपुर रोड स्थित जीजीसीटी परिसर में निर्मित इस आधुनिक अकादमी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। यहां अत्याधुनिक प्रशिक्षण कक्ष, डिजिटल शिक्षण संसाधन, उन्नत ज्ञान सुविधाएं और आधुनिक अधोसंरचना उपलब्ध कराई गई है, जिससे प्रशासनिक प्रशिक्षण की गुणवत्ता को नई दिशा मिलेगी।

राज्य सरकार के अनुसार अकादमी में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुशासन, नीति क्रियान्वयन, नेतृत्व विकास, नवाचार, डिजिटल प्रशासन और जनसेवा जैसे समकालीन विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के साथ नागरिक-केंद्रित शासन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना है।

नए परिसर में तकनीक-सक्षम शिक्षण व्यवस्था के साथ विश्वस्तरीय आवासीय सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। सुरक्षित, हरित और सुव्यवस्थित वातावरण में प्रशिक्षणार्थियों को आधुनिक संसाधनों से युक्त गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।

सरकार का मानना है कि यह अकादमी राज्य में क्षमता निर्माण की संस्कृति को मजबूत करेगी और कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर ऑनबोर्डिंग एवं कोर्स कम्प्लीशन जैसे कार्यक्रमों को भी नई गति देगी। आधुनिक संसाधनों और वैश्विक मानकों से लैस यह संस्थान भविष्य में दक्ष, संवेदनशील और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध प्रशासनिक नेतृत्व तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular