लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के किया। इस दौरान उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि आगामी 26 जनवरी तक प्रदेश के एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है।
जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ मंडल के लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 300 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों के 50 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के हाथ में आया टैबलेट केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि उनके भविष्य को सुरक्षित करने की कुंजी है। इसका इस्तेमाल ज्ञान, नवाचार और कौशल विकास के लिए होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से देश-दुनिया की जानकारी हासिल करने की अपील की।
टैबलेट में 18 हजार से अधिक निशुल्क कोर्स
सीएम योगी ने बताया कि टैबलेट में इन्फोसिस के सहयोग से 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रमों की निशुल्क अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। युवा इसमें योग, गणित, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डीप टेक जैसे आधुनिक विषयों की पढ़ाई कर सकेंगे।

इसके अलावा युवा साथी ऐप के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी। इसमें छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, पीएम इंटर्नशिप, सीएम इंटर्नशिप, सीएम युवा और पीएम मुद्रा योजना शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने युवाओं की जरूरत और मांग को देखते हुए स्मार्टफोन की जगह टैबलेट उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। पहले चरण में 60 लाख विद्यार्थियों को स्मार्टफोन और टैबलेट दिए जा चुके हैं। अब दूसरे चरण में 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरित किए जाएंगे।
26 जनवरी तक एक लाख युवाओं को नौकरी का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। आगामी 26 जनवरी तक एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। उन्होंने शिक्षा विभाग में 3568, पंचायती राज विभाग में 1375, पुलिस में 4543, राजस्व विभाग में 1146 और अन्य विभागों में होने वाली नियुक्तियों का भी जिक्र किया।
सीएम ने बताया कि 8000 लेखपालों, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई है। उन्होंने कहा कि अगले दस दिनों में 42 हजार होमगार्ड को नियुक्ति पत्र देने का प्रयास किया जा रहा है।
सपा सरकार पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार पर भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उस समय भर्ती निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी और बिना खर्ची-पर्ची नौकरी मिलना मुश्किल था।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार में परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति पत्र किसी दूसरे को मिल जाता था। उनकी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की है और नकल माफिया के खिलाफ कार्रवाई की है।
माफिया और अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। उन्होंने कहा, ‘नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में है सब चंगा।’ उनके मुताबिक, प्रदेश में कानून-व्यवस्था में बदलाव से निवेश और रोजगार के नए अवसर बढ़े हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले दूसरे राज्यों में उत्तर प्रदेश के लोगों को अलग नजर से देखा जाता था, लेकिन अब प्रदेश के युवाओं, व्यापारियों और बेटियों को सम्मान मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 25 करोड़ से अधिक आबादी को सरकार ने बोझ नहीं, बल्कि अवसर के रूप में देखा है।
नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें युवा
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नौकरी तलाशने के साथ रोजगार देने वाला बनने की भी अपील की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 2017 से पहले करीब 120 स्टार्टअप थे, जबकि 8अब इनकी संख्या 25 हजार से अधिक हो गई है। सीएम युवा योजना के तहत युवाओं को ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बनने वाले मोबाइल फोन में 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट की मैन्युफैक्चरिंग में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी उत्तर प्रदेश की है। बुंदेलखंड में 56 हजार एकड़ में औद्योगिक शहर विकसित करने की योजना है। सरकार हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल इकोनॉमिक एंड इंडस्ट्रियल जोन भी स्थापित करने जा रही है।
युवाओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील
मुख्यमंत्री ने उन युवाओं से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील की, जो एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अधिकार और जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, योगेंद्र उपाध्याय, सुनील कुमार शर्मा, दयाशंकर सिंह, राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी और रजनी तिवारी, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल तथा लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जयप्रकाश सैनी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
