Homeउत्तर प्रदेशसीएम योगी के सख्त निर्देश: 24 घंटे में मुआवजा, घायलों के इलाज...

सीएम योगी के सख्त निर्देश: 24 घंटे में मुआवजा, घायलों के इलाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं..

लखनऊ, 05 मई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में आंधी, अति वर्षा और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर राहत राशि उपलब्ध कराई जाए और घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं होगी।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी घायलों का त्वरित और समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जनहानि और पशुहानि की स्थिति में निर्धारित सहायता राशि तुरंत जारी की जाए।

सीएम योगी ने सभी जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे स्वयं फील्ड में मौजूद रहकर राहत और बचाव कार्यों की लगातार निगरानी करें। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मौसम विभाग द्वारा अगले 24 घंटों में कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इसके मद्देनजर प्रशासन ने राहत एवं बचाव टीमों को सक्रिय कर दिया है। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों, खुले मैदानों व बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें।

RELATED ARTICLES

Most Popular