Homeमनोरंजनजापान में शूट हुई ‘एक दिन’: आमिर खान की रणनीति और ट्रेलर...

जापान में शूट हुई ‘एक दिन’: आमिर खान की रणनीति और ट्रेलर ने बढ़ाई उत्सुकता

लखनऊ/मुंबई: आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस की आगामी फिल्म ‘एक दिन’ इन दिनों चर्चा में बनी हुई है। साई पल्लवी और जुनैद खान स्टारर यह फिल्म एक भावनात्मक प्रेम कहानी पेश करने का दावा करती है। ट्रेलर रिलीज के बाद दर्शकों में इसे लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।

फिल्म की शूटिंग जापान में किए जाने के पीछे की वजह भी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, यह फैसला खुद आमिर खान का था। इससे पहले उनकी फिल्में 3 इडियट्स और दंगल जापान में रिलीज होकर शानदार सफलता हासिल कर चुकी हैं। इसी अनुभव को देखते हुए इस बार आमिर खान ने जापान की खूबसूरती को फिल्म का हिस्सा बनाने का निर्णय लिया।

कहानी में ‘ट्रांजिएंट ग्लोबल एमनेशिया’ का ट्विस्ट
ट्रेलर के मुताबिक, फिल्म में जुनैद खान एक अंतर्मुखी युवक के किरदार में हैं, जो अपनी सहकर्मी साई पल्लवी से प्रेम करता है, लेकिन अपने दिल की बात कह नहीं पाता। कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है, जब जापान में एक हादसे के बाद साई पल्लवी ‘ट्रांजिएंट ग्लोबल एमनेशिया’ नामक बीमारी का शिकार हो जाती हैं।

इस स्थिति में वह अपनी याददाश्त खो देती हैं, लेकिन जुनैद को नहीं भूलतीं—क्योंकि वही उनकी जान बचाता है। यही घटनाक्रम फिल्म को एक भावनात्मक और रोमांचक दिशा देता है।

ट्रेलर से यह साफ है कि फिल्म एक सॉफ्ट और उम्मीद से भरी प्रेम कहानी है, जिसमें प्यार, भरोसा और चमत्कार जैसे भाव प्रमुख हैं। लंबे समय बाद इस तरह की कोमल रोमांटिक कहानी बड़े पर्दे पर देखने को मिल सकती है।

आमिर-मंसूर की जोड़ी की वापसी
फिल्म के जरिए मंसूर खान और आमिर खान की सफल जोड़ी एक बार फिर साथ आई है। इससे पहले दोनों कयामत से कयामत तक, जो जीता वही सिकंदर, अकेले हम अकेले तुम और जाने तू… या जाने ना जैसी हिट फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं।

फिल्म का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है, जबकि प्रोडक्शन की जिम्मेदारी आमिर खान, मंसूर खान और अपर्णा पुरोहित ने संभाली है।

रिलीज डेट:
‘एक दिन’ 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular