भूतपूर्व सैनिक बैंकर्स कल्याण समिति का सम्मेलन विश्व संवाद केन्द्र में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि धीरज सिंह एवं अन्य वरिष्ठ पूर्व सैनिक बैंकर्स द्वारा माँ भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस दौरान उत्तराखंड, दिल्ली, उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए पूर्व सैनिक बैंकर्स ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान प्रस्तुत किया
सम्मेलन में नये श्रम कानूनों के संदर्भ में छोटी-छोटी पूर्व सैनिक बैंकर्स ट्रेड यूनियनों के अस्तित्व पर मंडरा रहे खतरे, बैंकों की पैरेन्टल यूनियनों में उनकी भूमिका और उनके कल्याण के लिए बेहतर समन्वय की आवश्यकता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। धीरेंद्र सिंह, आनंद राठौर, मृगांक श्रीवास्तव और विकास सिंह रावत सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार प्रभावी ढंग से रखे।
इस अवसर पर अखिल भारतीय भूतपूर्व सैनिक बैंकर्स कल्याण समिति के संविधान का वाचन हरेंद्र छेत्री (दिल्ली) और शंकर दत्त थपलियाल (उत्तराखंड) द्वारा किया गया। संविधान को और अधिक प्रभावी और कल्याणकारी बनाने के लिए अतुल कुमार, संजीव, कुंदन सिंह, एनके नियोगी, राधेश्याम सिंह, संतोष कुमार, आशुतोष पाठक, चंद्रजीत सिंह, आदर्श उपाध्याय, विकास सिंह रावत और योगेश दीक्षित ने अपने सुझाव साझा किए।
सम्मेलन में सर्वसम्मति से आनंद राठौर को अखिल भारतीय भूतपूर्व सैनिक बैंकर्स कल्याण समिति का राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा मृगांक श्रीवास्तव को कोषाध्यक्ष चुना गया। साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर राज्यवार समितियों के गठन का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम में शंकर दत्त थपलियाल की टीम द्वारा उत्तराखंड के लोकगीतों की प्रस्तुति ने सांस्कृतिक रंग भी जोड़ा। अंत में नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद राठौर ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
