Homeउत्तर प्रदेशगाजियाबाद: पुलिस चौकी में ब्लास्ट, संगठन ने ली जिम्मेदारी

गाजियाबाद: पुलिस चौकी में ब्लास्ट, संगठन ने ली जिम्मेदारी

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात हुए ब्लास्ट को लेकर जांच में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। रात करीब 10 बजे अचानक हुए धमाके से चौकी के दो कमरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए, जबकि दीवार में भी दरार आ गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

शनिवार सुबह पुलिस कमिश्नर जे. रविन्द्र गौड़ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ आईबी समेत अन्य जांच एजेंसियों की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। सभी एजेंसियां ब्लास्ट के कारणों और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी हैं।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि एलिवेटेड रोड से विस्फोटक फेंका गया था। हालांकि, विस्फोटक किस तरह का था और इसे किसने फेंका, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस कमिश्नर ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद कहा कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

किस संगठन ने ली ब्लास्ट की जिम्मेदारी?

वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए ब्लास्ट की जिम्मेदारी तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान नाम के संगठन ने लेने का दावा किया है। गाजी-2 नाम से एक्स पर एक पोस्ट कर धमाके की जिम्मेदारी ली गई है।

हालांकि, जिस एक्स अकाउंट से यह पोस्ट की गई है, उसकी विश्वसनीयता को लेकर भी सवाल हैं। जानकारी के मुताबिक, यह अकाउंट अगस्त 2025 में बनाया गया था और इसके केवल दो फॉलोअर हैं। ऐसे में पोस्ट में किए गए दावे की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां ब्लास्ट से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। सोशल मीडिया पर किए गए दावे की भी जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular