Homeउत्तर प्रदेशतीन घंटे में घर पहुंचेगा LPG सिलेंडर, इंडियन ऑयल ने शुरू की...

तीन घंटे में घर पहुंचेगा LPG सिलेंडर, इंडियन ऑयल ने शुरू की फास्ट ट्रैक सेवा

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

उपभोक्ताओं को तेजी से एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए इंडियन ऑयल ने फास्ट ट्रैक लॉजिस्टिक्स कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर सेवा शुरू की है। इस सुविधा के तहत गैस बुकिंग के महज तीन घंटे के भीतर सिलेंडर उपभोक्ता के घर पहुंचाने का दावा किया गया है। फिलहाल इस सेवा की शुरुआत वाराणसी से की गई है।

इंडियन ऑयल के कार्यकारी निदेशक एवं राज्य प्रमुख संजय भंडारी ने बताया कि नया कंपोजिट सिलेंडर पारंपरिक स्टील सिलेंडर की तुलना में हल्का, जंग-मुक्त और आधुनिक डिजाइन वाला है। इसकी सबसे खास बात इसकी पारदर्शी बॉडी है, जिससे उपभोक्ता सिलेंडर को उठाए बिना ही उसमें बची गैस की मात्रा देख सकेंगे।

मुख्य महाप्रबंधक (एलपीजी) भोद्रो लाकरा ने बताया कि यह सुविधा खासतौर पर कामकाजी लोगों, छात्रों और ऐसे उपभोक्ताओं को ध्यान में रखकर शुरू की गई है, जिन्हें कम समय में गैस की जरूरत होती है। कंपोजिट सिलेंडर का डिजाइन मॉड्यूलर किचन के लिए भी सुविधाजनक बताया गया है।

इंडियन ऑयल के अनुसार, इस सिलेंडर को लेने या रिफिल कराने के लिए मासिक या वार्षिक बुकिंग की कोई सीमा नहीं है। उपभोक्ता अपनी जरूरत के अनुसार इसे कभी भी बुक करा सकते हैं।

इंडेन एक्स्ट्रालाइट सिलेंडर की बुकिंग IndianOil One App के माध्यम से ऑनलाइन या नजदीकी इंडेन गैस एजेंसी से की जा सकती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular