Homeउत्तर प्रदेशइटौंजा सीएचसी में खड़ी तीन एंबुलेंस में लगी आग, मची अफरा-तफरी

इटौंजा सीएचसी में खड़ी तीन एंबुलेंस में लगी आग, मची अफरा-तफरी

लखनऊ के इटौंजा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल परिसर में खड़ी तीन एंबुलेंस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे अस्पताल कर्मचारियों और मरीजों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल कर्मचारियों ने फायर ब्रिगेड केंद्र इटौंजा को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

प्राथमिक जांच में आग लगने के दो संभावित कारण सामने आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि सीएचसी की बाउंड्री के पास एक टूटा हुआ विद्युत पोल पड़ा है। वहीं नया पोल तो लगा दिया गया है, लेकिन उसमें अभी तक तार नहीं जोड़े गए हैं। आसपास कई बिजली के तार जमीन से लटक रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि तारों के आपस में टकराने से निकली चिंगारी के कारण आग लगी हो सकती है।

दूसरी ओर स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल की बाउंड्री के पास सड़क किनारे अवैध सब्जी की दुकानें लगती हैं। सुबह दुकानदारों ने कूड़ा-करकट इकट्ठा कर उसमें आग लगा दी थी, जिससे आग अस्पताल परिसर तक पहुंच गई होगी।

अब सवाल यह भी उठ रहा है कि अस्पताल परिसर में लंबे समय से खड़ी जर्जर एंबुलेंस को हटाया क्यों नहीं गया। इस मामले में सीएचसी इटौंजा के अधीक्षक से जानकारी ली जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular