रिपोर्ट -प्रिया बाजपाई शुक्ला
श्रीनगर। स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों ने घाटी में निगरानी, गश्त, चेकिंग और आवाजाही पर नियंत्रण बढ़ा दिया है। संवेदनशील इलाकों और प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में 15 अगस्त के मुख्य समारोह की फुल-ड्रेस रिहर्सल हुई। इस दौरान कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक वीके बिरदी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से आयोजित कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि घाटी के अलग-अलग जिलों में सुरक्षा रिहर्सल भी की गई है।

लाल किला धमाके को लेकर क्या बोले IG बिरदी?
लाल किले में 25 नवंबर 2025 को हुए धमाके से अल-कायदा के कथित संबंध को लेकर पूछे गए सवाल पर IG बिरदी ने कहा कि फिलहाल पुलिस के पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है, जिससे इस संबंध की पुष्टि हो सके। उन्होंने कहा कि इस विषय पर विस्तार से बात करने का यह सही समय नहीं है और जांच जारी है।
स्वतंत्रता दिवस से पहले सोशल मीडिया पर सामने आ रही धमकियों के सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल प्राथमिकता 15 अगस्त के कार्यक्रमों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
DGP ने की हाईलेवल सुरक्षा बैठक
इस बीच, जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने श्रीनगर पुलिस कंट्रोल रूम में उच्चस्तरीय बैठक कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में जम्मू-कश्मीर पुलिस के अलावा BSF, CRPF, SSB और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में सुरक्षा बलों की तैनाती, खुफिया जानकारी, ट्रैफिक मैनेजमेंट, रूट सिक्योरिटी, एंट्री कंट्रोल और निगरानी व्यवस्था पर चर्चा हुई। DGP ने संवेदनशील इलाकों में गश्त और नाका चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए।
बख्शी स्टेडियम के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। मुख्य प्रवेश द्वारों पर तलाशी और वाहनों की जांच बढ़ाई गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त चौकियां बनाई गई हैं और ड्रोन व CCTV के जरिए निगरानी की जा रही है।

लोगों से समारोह में शामिल होने की अपील
कश्मीर के डिविजनल कमिश्नर अंशुल गर्ग ने बताया कि बख्शी स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने घाटी के लोगों से 15 अगस्त के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने बताया कि बख्शी स्टेडियम में आम लोगों का प्रवेश पहले की तरह मुफ्त रहेगा। कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए पीने का पानी, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
फुल-ड्रेस रिहर्सल में परेड टुकड़ियों, स्कूली बच्चों और विभिन्न सरकारी विभागों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सुरक्षा एजेंसियां पूरे जम्मू-कश्मीर में शांतिपूर्ण स्वतंत्रता दिवस समारोह सुनिश्चित करने के लिए लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रही हैं।
