रिपोर्ट – अभिषेक मिश्रा
कानपुर। किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र के धरी पुरवा में श्री बजरंग रामलीला कमेटी की ओर से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी रामलीला का मंचन किया गया। इस दौरान भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित विभिन्न प्रसंगों का मंचन कर श्रद्धालुओं को मर्यादा, धर्म, सत्य और आदर्श जीवन का संदेश दिया गया। रामलीला के आयोजन से क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा और लोगों ने श्रद्धा के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।

इस अवसर पर वार्ड संख्या 92 के भाजपा पार्षद अवधेश त्रिपाठी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीराम की आरती कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। पार्षद अवधेश त्रिपाठी ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित रामलीला का मंचन हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, धर्म, कर्तव्य, त्याग और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी सद्भाव, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों और उनके जीवन मूल्यों से परिचित होने का अवसर मिलता है।
पार्षद ने भगवान श्रीराम से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने और क्षेत्र में सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। उन्होंने जय श्रीराम का उद्घोष करते हुए सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।
