Homeउत्तर प्रदेशकानपुर में ट्रेनिंग विमान क्रैश, दो पायलटों की मौत; गंगा किनारे नत्था...

कानपुर में ट्रेनिंग विमान क्रैश, दो पायलटों की मौत; गंगा किनारे नत्था पुरवा के पास हुआ हादसा

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा हो गया। गंगा किनारे नत्था पुरवा गांव के पास एक ट्विन इंजन ट्रेनिंग विमान अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर जमीन पर जा गिरा। हादसे में विमान में सवार प्रशिक्षु पायलट और ट्रेनर की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, विमान उड़ान के दौरान अचानक अनियंत्रित हुआ और कुछ ही देर बाद जमीन पर आ गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों ने विमान से धमाके जैसी आवाज आने की बात कही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

दोनों पायलटों की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अभिषेक पुजारी निवासी कर्नाटक और सचिन भाटिया निवासी गुजरात के रूप में हुई है। अभिषेक विमान उड़ाने की ट्रेनिंग ले रहे थे, जबकि सचिन भाटिया उन्हें प्रशिक्षण दे रहे थे। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा करीब 11:50 बजे हुआ। विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद दोनों पायलट उसके अंदर फंस गए थे। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और काफी मशक्कत के बाद दोनों को विमान के मलबे से बाहर निकाला। उन्हें अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल, एडिशनल सीपी संकल्प शर्मा और विपिन ताड़ा समेत CFO दीपक शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने इलाके को घेरकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

फिलहाल विमान किस वजह से अनियंत्रित हुआ और हादसा कैसे हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही हैं।

2023 से कंपनी के पास था विमान

बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त एयरक्राफ्ट के पास करीब 3 हजार घंटे की फ्लाइंग का सर्टिफिकेट था। कंपनी की ओर से दावा किया गया है कि विमान के मेंटिनेंस में कोई कमी नहीं थी और यह एयरक्राफ्ट वर्ष 2023 से कंपनी के पास था। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

सीएम योगी ने जताया दुख

कानपुर में हुए एयरक्राफ्ट क्रैश पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया। उन्होंने हादसे में मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सीएम ने दिवंगतों की आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

RELATED ARTICLES

Most Popular