कुशीनगर। तहसील कसया में 15 जुलाई 2026 को विभिन्न भूमि खंडों की सार्वजनिक नीलामी आयोजित की जाएगी। यह नीलामी माननीय परिवार न्यायालय, कुशीनगर-पडरौना के विभिन्न आदेशों के अनुपालन में कराई जा रही है। यह जानकारी उपजिलाधिकारी कसया ने दी।
उपजिलाधिकारी के अनुसार, वाद संख्या 349/2018 इन्दु बनाम कन्हैया के तहत ग्राम रहसू शुमाली पट्टी एवं ग्राम कोटवा स्थित गाटा संख्या 379 (0.069 हेक्टेयर), गाटा संख्या 246 (0.291 हेक्टेयर) तथा गाटा संख्या 462 (0.166 हेक्टेयर) भूमि की नीलामी की जाएगी।
इसी प्रकार वाद संख्या 578/2020 लालती देवी एवं अन्य बनाम रामगति के मामले में ग्राम पिपरा रज्जब स्थित गाटा संख्या 142 के कुल 0.063 हेक्टेयर क्षेत्रफल में से आधे हिस्से अर्थात 0.0315 हेक्टेयर भूमि की नीलामी होगी।
वहीं वाद संख्या 27/2015 मैमुल निशा एवं अन्य बनाम किताबुद्दीन के अंतर्गत ग्राम बासदेवपुर स्थित गाटा संख्या 33 की भूमि के एक-तिहाई हिस्से की भी नीलामी कराई जाएगी।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि सभी भूमि खंडों की नीलामी 15 जुलाई 2026 को अपराह्न 1 बजे तहसील परिसर कसया में आयोजित होगी। नीलामी की प्रक्रिया नायब तहसीलदार कसया की देखरेख में संपन्न कराई जाएगी।
प्रशासन ने इच्छुक व्यक्तियों से निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होकर बोली प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है। साथ ही संबंधित अधिकारियों और ग्राम प्रधानों को नीलामी की सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंच सके।
