लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने अनंत नगर योजना के तहत 498 आवासीय भूखण्डों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने का ऐलान किया है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इच्छुक आवेदक 28 अप्रैल से 27 मई तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
एलडीए अधिकारियों के मुताबिक, सभी भूखण्डों का आवंटन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी सिस्टम के जरिए किया जाएगा। यह योजना मोहान रोड पर करीब 785 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही है, जिसमें भविष्य में लगभग डेढ़ लाख लोगों को आवासीय सुविधा मिलने की संभावना है।
अनंत नगर योजना को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप ग्रिड पैटर्न पर विकसित किया जा रहा है। इसमें चौड़ी सड़कों, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम और निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए भूमिगत केबलिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी।
एलडीए का कहना है कि यह योजना लखनऊ में सुनियोजित शहरी विकास की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी और लोगों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवासीय विकल्प उपलब्ध कराएगी।
