लखनऊ। अंसल एपीआई की सुशांत गोल्फ सिटी में वर्षों से अधूरे पड़े विकास कार्यों को अब जल्द पूरा किया जाएगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने टाउनशिप के विकास की जिम्मेदारी अपने हाथ में लेने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही, लंबे समय से लंबित फर्जी रजिस्ट्री के मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया भी तेज की जाएगी, जिससे हजारों आवंटियों और निवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में एलडीए अधिकारियों ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के जरिए सुशांत गोल्फ सिटी के विकास की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। अधिकारियों ने बताया कि सड़क, स्ट्रीट लाइट, ड्रेनेज, पार्क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि बिल्डर द्वारा अधूरे छोड़े गए सभी विकास कार्य एलडीए की निगरानी में पूरे कराए जाएंगे, ताकि वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के अभाव में रह रहे लोगों को राहत मिल सके। अधिकारियों ने टाउनशिप की मौजूदा स्थिति और प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी भी मंडलायुक्त को दी।
फर्जी रजिस्ट्री मामलों को प्राथमिकता
बैठक में सुशांत गोल्फ सिटी से जुड़े फर्जी रजिस्ट्री के मामलों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने इन मामलों के शीघ्र और विधिक निस्तारण की कार्ययोजना प्रस्तुत की। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि वास्तविक आवंटियों को राहत देने के लिए सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में पूरी हों और फर्जीवाड़े में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
एलडीए की इस पहल से सुशांत गोल्फ सिटी में लंबे समय से अधूरे विकास कार्यों और रजिस्ट्री विवादों के समाधान का इंतजार कर रहे हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
