23 मई को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में IPL 2026 का मुकाबला Lucknow Super Giants और Punjab Kings के बीच खेला जाएगा। लखनऊ में इस सीजन का यह आखिरी IPL मैच होगा। मुकाबले के लिए पंजाब किंग्स की टीम बुधवार रात राजधानी पहुंच गई।
टीम सुशांत गोल्फ सिटी स्थित सेंट्रम होटल में रुकी है, जहां खिलाड़ियों का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। होटल पहुंचने पर खिलाड़ियों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाई गईं, आरती उतारी गई और तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया गया।
वहीं Lucknow Super Giants की टीम भी लखनऊ पहुंच चुकी है। दोनों टीमें गुरुवार शाम को इकाना स्टेडियम में अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगी।
लखनऊ में इस सीजन का अंतिम मुकाबला
राजधानी में IPL 2026 का पहला मुकाबला 1 अप्रैल को खेला गया था, जबकि 23 मई को इस सीजन का आखिरी मैच आयोजित होगा। लखनऊ सुपर जायंट्स अब तक अपने घरेलू मैदान पर छह मुकाबले खेल चुकी है।
टीम ने शुरुआती चार मैच गंवाने के बाद वापसी करते हुए पिछले दो मुकाबलों में जीत दर्ज की, लेकिन इसके बावजूद प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई। अब टीम अपने घरेलू मैदान पर जीत के साथ सीजन का समापन करना चाहेगी।
पंजाब किंग्स के लिए करो या मरो की स्थिति
Punjab Kings के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। प्लेऑफ की उम्मीदों को मजबूत बनाए रखने के लिए पंजाब को न सिर्फ जीत दर्ज करनी होगी, बल्कि नेट रन रेट सुधारने के लिए बड़े अंतर से जीत हासिल करनी पड़ सकती है।
दूसरी ओर Lucknow Super Giants के पास अब खोने के लिए ज्यादा कुछ नहीं है। टीम अपने घरेलू दर्शकों के सामने जीत के साथ इस सीजन को अलविदा कहना चाहेगी।
