Homeउत्तर प्रदेशदिवाली से पहले लखनऊ की हवा हुई खराब, AQI 216 पहुंचा; तीन...

दिवाली से पहले लखनऊ की हवा हुई खराब, AQI 216 पहुंचा; तीन इलाकों में प्रदूषण का स्तर ऑरेंज जोन में

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेई शुक्ला

लखनऊ में दिवाली से पहले ही हवा की गुणवत्ता बिगड़ने लगी है। राजधानी में लगातार दूसरे दिन शनिवार सुबह धुंध छाई रही। धूप निकलने के बावजूद धुंध का असर कम नहीं हुआ। सुबह शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 216 दर्ज किया गया। इसके साथ ही शहर के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर बढ़कर ऑरेंज जोन में पहुंच गया है।

राजधानी के तीन प्रमुख इलाकों अलीगंज, लालबाग और तालकटोरा में हवा की गुणवत्ता सबसे ज्यादा खराब रही। अलीगंज में AQI 273 दर्ज किया गया, जो शहर के प्रमुख निगरानी केंद्रों में सबसे अधिक रहा। वहीं लालबाग में 269 और तालकटोरा में 266 AQI रिकॉर्ड किया गया। इन इलाकों में प्रदूषण का स्तर बढ़ने से लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा अंबेडकर विश्वविद्यालय में AQI 156, गोमतीनगर में 169 और कुकरैल पिकनिक स्पॉट पर 165 दर्ज किया गया। इन इलाकों में वायु गुणवत्ता येलो जोन में रही। सुबह के समय जानकीपुरम विस्तार समेत कई इलाकों में धुंध का असर साफ दिखाई दिया।

दिन में गर्मी, सुबह-शाम बढ़ेगी ठंडक

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान आर्द्रता 69 फीसदी रही।

आने वाले दिनों में सुबह के समय कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है। हालांकि, सूरज निकलने के साथ कोहरा जल्दी छंट जाएगा। दिन में धूप निकलने से हल्की गर्मी महसूस होगी, जबकि सुबह और रात के समय ठंडक बढ़ेगी।

चक्रवाती तूफान अर्नब का असर खत्म

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर अब पूरी तरह खत्म हो गया है। फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिन में धूप निकलने से तापमान में हल्की गर्माहट बनी रहेगी, जबकि रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहेगा। सुबह के समय ठंड का एहसास बढ़ने की संभावना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular