लखनऊ। राजधानी के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार को एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। कोचिंग सेंटर से धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। वहीं पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं।
बताया जा रहा है कि आग लगने के समय कोचिंग सेंटर में कई बच्चे मौजूद थे। रेस्क्यू टीम बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी हुई है। प्राथमिकता छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने की है।
आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया जा रहा है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग आग पर काबू पाने और नुकसान का आकलन करने में जुटा है। घटना में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
