Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में सिर्फ 9 रूट पर सिटी बसें, अब नए मार्ग तलाशे...

लखनऊ में सिर्फ 9 रूट पर सिटी बसें, अब नए मार्ग तलाशे जाएंगे

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

शहर में सिटी बसों के सीमित मार्गों पर संचालन के चलते यात्रियों की संख्या में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। वर्तमान में सिटी बस सेवा सिर्फ नौ मार्गों पर संचालित हो रही है। यात्रियों की जरूरत को देखते हुए अब नए मार्गों की पहचान कर सिटी बसों का संचालन बढ़ाने की तैयारी है।

लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (एलसीटीएसएल) के निदेशक मंडल की 51वीं बैठक शुक्रवार को मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मार्च से जुलाई तक सिटी बसों के संचालन और उससे प्राप्त परिणामों की समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने विभिन्न मार्गों पर बसों के संचालन, यात्रियों की संख्या और आय से जुड़ी जानकारी निदेशक मंडल के सामने रखी। समीक्षा के दौरान सामने आया कि मार्गों की संख्या कम होने का असर यात्रियों की संख्या पर भी पड़ा है। इसके बाद निदेशक मंडल ने यात्रियों की जरूरत के अनुसार नए मार्ग तलाशने और बसों का संचालन बढ़ाने के निर्देश दिए।

आय बढ़ाने के लिए मौजूदा रूट का होगा अध्ययन

बैठक में सिटी बसों के मौजूदा मार्गों और उनके संचालन से मिलने वाले परिणामों का विस्तृत अध्ययन करने को कहा गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिन मार्गों पर यात्रियों की संख्या अधिक है, वहां व्यवस्था को बेहतर किया जाए और नए संभावित मार्गों की पहचान की जाए।

निदेशक मंडल ने सिटी बस सेवा की आय बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाने और संचालन व्यवस्था को यात्रियों की जरूरत के मुताबिक बेहतर करने पर जोर दिया।

बैठक में पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों और दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में लिए गए निर्णयों पर आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली गई है।

बैठक में नगर आयुक्त गौरव कुमार, एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार, नगरीय परिवहन निदेशालय के निदेशक, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के प्रतिनिधि, एलसीटीएसएल के प्रबंध निदेशक, मुख्य वित्त अधिकारी और प्रबंधक (संचालन) समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular