Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में दिवाली पर 60 हजार रुपए किलो की गोल्ड प्लेटेड मिठाई...

लखनऊ में दिवाली पर 60 हजार रुपए किलो की गोल्ड प्लेटेड मिठाई का क्रेज, 10 देशों के ड्राई फ्रूट से तैयार

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। दिवाली से पहले लखनऊ का मिठाई बाजार इस बार खास अंदाज में सजा है। बाजार में 60 हजार रुपए किलो तक की गोल्ड प्लेटेड मिठाई से लेकर पटाखों के आकार वाली मिठाइयां और आकर्षक गिफ्ट हैंपर्स ग्राहकों को लुभा रहे हैं। खास बात यह है कि मिठाइयों में स्वाद के साथ हेल्थ और प्रीमियम पैकिंग पर भी फोकस किया गया है।

छप्पन भोग की सबसे महंगी मिठाई गोल्ड प्लेटेड एग्जॉटिका है, जिसकी कीमत 60 हजार रुपए प्रति किलो है। इसे अलग-अलग देशों से मंगाए गए ड्राई फ्रूट्स और अन्य सामग्री से तैयार किया गया है। इसमें USA की ब्लूबेरी, ईरान का पिस्ता, अफगानिस्तान का बादाम, साउथ अफ्रीका के मैकाडामिया नट्स, ब्राजील नट्स, किन्नौर का चिलगोजा और कश्मीर का केसर शामिल किया गया है। इसके ऊपर सोने की परत लगाई जाती है।

दुकानदार के मुताबिक, इस प्रीमियम मिठाई की शुरुआत वर्ष 2009 में हुई थी, तब इसकी कीमत करीब 25 हजार रुपए प्रति किलो थी। अब इसकी कीमत बढ़कर 60 हजार रुपए प्रति किलो हो गई है। इसे खास संदूक में पैक करके ग्राहकों को दिया जा रहा है।

पटाखों के आकार में गिफ्ट पैक

इस दिवाली मिठाइयों की पैकिंग भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। छप्पन भोग में मिठाई और ड्राई फ्रूट्स को लाल रंग के सिलेंडरनुमा पटाखे, सुतली बम, अनार और चकरी के आकार वाले कंटेनरों में पैक किया जा रहा है। पेपर हॉट एयर बैलून की थीम पर तैयार किए गए गिफ्ट हैंपर्स भी ग्राहकों को पसंद आ रहे हैं। इनकी कीमत 20 रुपए से शुरू होकर 3 हजार रुपए तक है।

50 से ज्यादा वैरायटी, अंजीर-खजूर की मिठाई भी

शर्मा स्वीट्स हाउस में इस बार 50 से अधिक तरह की मिठाइयां उपलब्ध हैं। अंजीर कटलेट, खजूर लड्डू और मैंगो बाइट जैसी नई वैरायटी ग्राहकों को खास तौर पर पसंद आ रही हैं। मैंगो बाइट की कीमत करीब 1000 रुपए किलो है, जबकि काजू कतली 1400 से 5000 रुपए किलो तक बिक रही है।

बाजार में छेना, खोया, मोतीचूर लड्डू, टर्की बकलावा, मिल्क केक, सोन पापड़ी, व्हाइट चॉकलेट और खजूर की मिठाइयों की भी मांग है। दुकानदारों का कहना है कि इस बार खासकर काजू कतली की बिक्री अच्छी है।

मिठाइयों की पैकिंग में भी बढ़ी सावधानी

मिठाई कारोबारियों के मुताबिक, ग्राहक अब केवल स्वाद ही नहीं बल्कि गुणवत्ता और पैकिंग पर भी ध्यान दे रहे हैं। इसी वजह से कई दुकानों पर मिठाइयों के पैकेट पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट की जानकारी भी दी जा रही है।

व्यापारियों का कहना है कि दिवाली के मौके पर कॉर्पोरेट और बड़े गिफ्ट ऑर्डर भी मिल रहे हैं। लखनऊ में करीब 3000 से अधिक छोटी-बड़ी मिठाई की दुकानें दिवाली के लिए तैयार हैं। कारोबारियों को इस सीजन में मिठाई कारोबार 400 करोड़ रुपए से अधिक पहुंचने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

Most Popular