लखनऊ। राजधानी लखनऊ में दुर्गा पूजा उत्सव की तैयारियां पूरी हो गई हैं। शहर में जगह-जगह भव्य पंडाल सजाए गए हैं। जानकीपुरम के सेक्टर-ई स्थित दुर्गा पार्क में राम मंदिर की थीम पर तैयार किया गया पंडाल लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यह पंडाल 110 फीट ऊंचा, 110 फीट चौड़ा और 110 फीट गहरा है। इसमें 18 फीट ऊंची इको-फ्रेंडली मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
पंडाल के निर्माण के लिए 17 जुलाई को भूमि पूजन किया गया था। इसके बाद लगातार तीन महीने तक काम चला। इसे तैयार करने के लिए पश्चिम बंगाल से 54 कारीगर बुलाए गए थे। कारीगरों ने दिन-रात मेहनत करके इस भव्य संरचना को तैयार किया। पंडाल बनाने में करीब 20 हजार बांस, 7 हजार मीटर कपड़ा और 300 लीटर पेंट का इस्तेमाल किया गया है। बांस की लंबाई 5 से 24 फीट तक है।
करीब दो लाख वर्ग फीट में फैले दुर्गा पार्क को उत्सव के लिए विशेष रूप से सजाया गया है। यहां पूजा-पाठ के साथ बच्चों के मनोरंजन के लिए किड्स जोन, फूड स्टॉल और कई तरह के झूले भी लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए परिसर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
आयोजकों के मुताबिक, दुर्गा पूजा उत्सव की शुरुआत वर्ष 1995 में हुई थी। पहले यह आयोजन इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे के पास होता था, लेकिन अब इसे जानकीपुरम में आयोजित किया जा रहा है। इस बार उत्सव 14 अक्टूबर को शाम 6:30 बजे शुरू होगा और 25 अक्टूबर तक चलेगा।
उत्सव के दौरान मां दुर्गा की पूजा के साथ मां लक्ष्मी का पूजन भी होगा। आयोजकों ने बताया कि मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के बाद पीछे स्थापित मां लक्ष्मी की प्रतिमा सामने लाई जाएगी। इसके बाद मां लक्ष्मी की पूजा की जाएगी। भव्य सजावट और धार्मिक आयोजनों के चलते यह पंडाल श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण बनने जा रहा है।
