Lucknow में लगातार बिजली कटौती और फॉल्ट से परेशान लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। बीती रात राजधानी के पांच उपकेंद्रों — सेक्टर 25 इंदिरानगर, न्यू कैम्पस, विक्टोरिया, बनी और गहरू — में जमकर हंगामा, घेराव और सड़क जाम किया गया। इस दौरान फॉल्ट ठीक करने के दौरान तीन संविदा कर्मचारी झुलस गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, रात 11:30 बजे से सुबह 3:30 बजे तक कई इलाकों में बिजली बाधित रही। सेक्टर 25 इंदिरानगर उपकेंद्र की 33 हजार केवी आपूर्ति ठप होने से इंदिरानगर के सेक्टर 18, 19, 20, 21, 25, बस्तौली, समुददीपुर और रिंग रोड क्षेत्र समेत करीब 15 हजार घरों में अंधेरा छा गया। नाराज लोगों ने उपकेंद्र का घेराव कर लिया और रिंग रोड पर जाम लगा दिया। हालात बिगड़ते देख कर्मचारियों ने अंदर से गेट बंद कर पीछे के रास्ते निकलना पड़ा।
विक्टोरिया उपकेंद्र में सरगा पार्क फीडर की ट्रॉली फटने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। यहां भी बड़ी संख्या में लोग उपकेंद्र पहुंच गए और देर रात तक प्रदर्शन चलता रहा। पुलिस को मौके पर पहुंचकर हालात संभालने पड़े।
न्यू कैम्पस क्षेत्र में एबीसी लाइन जलने के कारण बिजली संकट पैदा हुआ। जब कर्मचारी लाइन ठीक करने पहुंचे तो कुछ लोगों ने उन्हें बंधक बना लिया। बाद में पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों के समझाने पर मामला शांत हुआ। इसी दौरान पिंक सिटी तिवारीपुर इलाके में काम करते समय एबीसी लाइन में आग लग गई, जिससे लाइनमैन कमलेश गंभीर रूप से झुलस गए। कर्मचारी गुड्डू और अनूप भी हादसे में घायल हुए हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बिजली संकट को लेकर अलग-अलग मोहल्लों के लोगों के बीच विवाद और मारपीट की स्थिति भी बन गई। अधिकारियों के अनुसार, कई इलाकों में देर रात फॉल्ट ठीक होने के बाद ही बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
