Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ: नगराम में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, दो घायल, मकान पूरी...

लखनऊ: नगराम में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, दो घायल, मकान पूरी तरह ढहा

लखनऊ के नगराम थाना क्षेत्र के ग्राम देवती में सोमवार सुबह एक लाइसेंसधारी पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज करीब डेढ़ से दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद फैक्ट्री जिस मकान में संचालित हो रही थी, वह पूरी तरह ढह गया और आसपास ईंटों का मलबा फैल गया।

हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। घायलों में मारिया (22) और मोहित (16) शामिल हैं। मारिया को पहले सीएचसी मोहनलालगंज ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सिविल अस्पताल लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहीं मोहित को मामूली चोटें आई हैं।

पुलिस के मुताबिक, विस्फोट ग्राम देवती निवासी मोहम्मद सफीक की लाइसेंसधारी पटाखा फैक्ट्री में हुआ। फैक्ट्री गांव के बाहर स्थित थी और उसके आसपास घनी आबादी नहीं थी। इसी वजह से बड़ा हादसा और जनहानि टल गई।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस, एसडीआरएफ और बम निरोधक दस्ते की टीमें मौके पर पहुंच गईं। कई फायर टेंडरों की मदद से आग पर काबू पाया गया। एहतियातन पांच से अधिक एंबुलेंस भी घटनास्थल पर तैनात की गईं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह करीब 11:30 बजे हुए धमाके से पूरा इलाका दहल उठा। आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह हादसा शाम के समय होता, तो कई और लोग इसकी चपेट में आ सकते थे।

फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

RELATED ARTICLES

Most Popular