लखनऊ। रक्षाबंधन के त्योहार से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। विभाग की टीम ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर देर रात कार्रवाई करते हुए संदिग्ध खाद्य सामग्री से लदी तीन गाड़ियों को पकड़ा। इन वाहनों से बरामद करीब 13.45 लाख रुपये की खाद्य सामग्री सीज कर ऐशबाग स्थित स्वरूप कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित रखवाई गई है।
एक्सप्रेसवे पर तीन संदिग्ध वाहन पकड़े
आयुक्त एफएसडीए और लखनऊ जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने 24 अगस्त की देर रात आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग जिलों से आ रही तीन गाड़ियों को रोका गया।
वाहन चालकों से खाद्य सामग्री से जुड़े दस्तावेज और जानकारी मांगी गई, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर टीम ने तीनों वाहनों को खाद्य सामग्री समेत पारा थाने में सुरक्षित खड़ा कराया।

लाखों रुपये की खाद्य सामग्री बरामद
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने वाहनों की तलाशी ली। जांच के दौरान अलग-अलग फर्मों की खाद्य सामग्री बरामद हुई। इसमें हाथरस की फर्म का आम पापड़, करीब 4.80 लाख रुपये के क्रीम कोन, आगरा की फर्म का करीब 1.80 लाख रुपये का पिसा बेर चूरन और इमली चटनी तथा ग्वालियर की फर्म का करीब 10.41 लाख रुपये का तिल और मूंगफली का तेल शामिल बताया गया।
विभाग के अनुसार बरामद खाद्य सामग्री की कुल कीमत करीब 13,45,627 रुपये है।
10 नमूने जांच के लिए भेजे
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने तेल, चूरन, आम पापड़ और क्रीम कोन समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के 10 नमूने लिए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। लैब रिपोर्ट आने तक पूरी सामग्री को सीज कर स्वरूप कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित रखा गया है।
दुबग्गा में खोया की गाड़ी भी पकड़ी
अभियान के दौरान टीम ने दुबग्गा क्षेत्र में खोया लदी एक संदिग्ध गाड़ी को भी रोका। मौके पर Food Safety on Wheels मोबाइल लैब से खोया की प्राथमिक जांच की गई। गंभीर मिलावट की पुष्टि नहीं होने पर खोया के चार नमूने सील किए गए और वाहन को आगे जाने की अनुमति दे दी गई।
रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
सहायक आयुक्त विजय प्रताप सिंह के मुताबिक सभी नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि खाद्य सामग्री में मिलावट या खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया गया तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रक्षाबंधन को देखते हुए विभाग ने मिठाई, खोया और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच का अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है।
