Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में भीषण गर्मी का कहर जारी, तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने...

लखनऊ में भीषण गर्मी का कहर जारी, तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने की संभावना

लखनऊ, 23 मई। राजधानी Lucknow में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। तेज धूप और लू के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

शुक्रवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। अधिकतम आर्द्रता 73 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 19 प्रतिशत रही, जिससे उमस और गर्मी का असर और बढ़ गया।

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में साइक्लोनिक प्रेशर और बढ़ती नमी के कारण वास्तविक तापमान से अधिक गर्मी महसूस हो रही है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी राहत की कोई संभावना नहीं है और रात में भी “वार्म नाइट” की स्थिति बनी रहेगी।

सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक का समय सबसे अधिक खतरनाक बताया गया है, जब लू का प्रभाव चरम पर रहेगा। इस दौरान सिरदर्द, चक्कर, कमजोरी और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है।

मौसम विभाग ने सलाह दी है कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। साथ ही बाहर काम करने वाले मजदूरों और किसानों को दोपहर में धूप से बचने की अपील की गई है।

सावधानियां:

  • दोपहर में धूप में निकलने से बचें
  • हल्के और सूती कपड़े पहनें
  • सिर को ढककर रखें
  • पर्याप्त पानी और ओआरएस का सेवन करें
  • चाय, कॉफी और कोल्ड ड्रिंक से परहेज करें
  • जानवरों को छांव और पानी उपलब्ध कराएं

लखनऊ और आसपास के इलाकों में फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है।

RELATED ARTICLES

Most Popular