Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में दो लोगों ने हिंदू धर्म अपनाने का दावा, विश्व हिंदू...

लखनऊ में दो लोगों ने हिंदू धर्म अपनाने का दावा, विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने कराया शुद्धीकरण

लखनऊ के गोमतीनगर स्थित विश्व हिंदू रक्षा परिषद कार्यालय में शनिवार को दो लोगों ने स्वेच्छा से हिंदू धर्म अपनाने का दावा किया। गोंडा निवासी हमजा अली ने अपना नाम बदलकर हेमंत सिंह रखने की घोषणा की, जबकि बाराबंकी की शबनम ने अपना नया नाम संजना बताया।

गोंडा के युवक ने कहा कि उसकी बचपन से ही सनातन धर्म और भगवान शिव में आस्था रही है। उसने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से नमाज नहीं पढ़ रहा था और अपनी इच्छा से हिंदू धर्म अपना रहा है। युवक का कहना है कि वह बालिग है और अपने निर्णय स्वयं लेने में सक्षम है। उसने यह भी दावा किया कि उसके पूर्वज हिंदू थे और वह अब अपने मूल धर्म में लौट रहा है।

वहीं, बाराबंकी से आई महिला ने कहा कि वह बिना किसी दबाव या प्रलोभन के स्वेच्छा से हिंदू धर्म अपना रही है। महिला के अनुसार, उसकी बचपन से ही पूजा-पाठ में आस्था रही है और आगे भी वह इसी परंपरा का पालन करती रहेगी।

विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने बताया कि संगठन की ओर से संचालित सनातन हेल्पलाइन के माध्यम से देशभर से लोग संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि लव जिहाद और अन्य मामलों से प्रभावित लोगों की सहायता की जा रही है तथा स्वेच्छा से घर वापसी करने वालों को सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

गोपाल राय ने कहा कि संगठन उन लोगों की घर वापसी कराता है, जो अपने पूर्वजों के धर्म में लौटना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि परिषद की हेल्पलाइन पर लगातार सहायता के लिए कॉल आ रही हैं। साथ ही उन्होंने 28 जून को पश्चिम बंगाल के बांग्लादेश सीमा क्षेत्र में राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करने की जानकारी भी दी।हालांकि, धर्म परिवर्तन और घर वापसी से जुड़े दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular