Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में आयकर विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों का प्रदर्शन, 12 सूत्रीय मांगों को...

लखनऊ में आयकर विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों का प्रदर्शन, 12 सूत्रीय मांगों को लेकर आधे दिन किया कार्य बहिष्कार

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में आयकर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर गुरुवार को प्रदर्शन किया। प्रत्यक्ष कर भवन में आयकर कर्मचारी महासंघ और आयकर राजपत्रित अधिकारी संघ के सदस्यों ने 12 सूत्रीय मांगों के समर्थन में धरना दिया। संयुक्त कार्य परिषद के आह्वान पर हुए इस प्रदर्शन में अधिकारियों और कर्मचारियों ने आधे दिन का कार्य बहिष्कार कर विभागीय समस्याओं के प्रति नाराजगी जताई।

प्रदर्शनकारियों ने कैडर रिव्यू और विभागीय पुनर्गठन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग उठाई। इसके साथ ही अखिल भारतीय आयकर अधिकारी वरिष्ठता सूची जल्द जारी करने और भारतीय राजस्व सेवा के भर्ती नियमों में संशोधन करने की मांग की। कर्मचारियों ने विभिन्न पदों के भर्ती नियमों में जरूरी बदलाव करने पर भी जोर दिया।

इसके अलावा इंटरचार्ज ट्रांसफर पॉलिसी दोबारा लागू करने, समान परिस्थितियों वाले कर्मचारियों को न्यायालय के फैसलों का लाभ देने और आयकर अधिकारियों व निरीक्षकों को लैपटॉप उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।

धरने की अध्यक्षता आयकर राजपत्रित अधिकारी सेवा संघ के अध्यक्ष विवेक वरुण ने की। आयकर कर्मचारी महासंघ के महासचिव संतोष कुमार मिश्रा ने लंबित मांगों और उनसे जुड़े मुद्दों पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं, आयकर राजपत्रित अधिकारी सेवा संघ के अपर सचिव गौरव प्रकाश ने कार्यस्थल पर अधिकारियों और कर्मचारियों को हो रही समस्याओं को सामने रखा।

RELATED ARTICLES

Most Popular