लखनऊ। राजधानी लखनऊ में अपना घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए दिवाली खुशियों भरी रही। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की नैमिष नगर और वरुण विहार आवासीय योजनाओं में भूखण्ड पाने का इंतजार कर रहे 1,436 आवेदकों की किस्मत खुल गई।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित तीन दिवसीय लॉटरी प्रक्रिया के दूसरे दिन दोनों योजनाओं के तहत भूखण्डों का आवंटन किया गया। लकी ड्रॉ में अपना नाम सामने आते ही आवेदकों के चेहरे खिल उठे। कई परिवारों के लिए यह दिवाली यादगार बन गई।
एलडीए ने लॉटरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए आवेदकों को खुले मंच पर बुलाया। उनकी मौजूदगी में उन्हीं के हाथों से पर्चियां निकलवाई गईं और आवंटन की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके साथ ही पूरी लॉटरी का यूट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया गया। कई आवेदकों ने घर बैठे लाइव प्रसारण के जरिए अपना नाम देखा और इसके बाद इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचकर खुशी जाहिर की।
वरुण विहार में 617 भूखण्डों का आवंटन
एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि जुपिटर सभागार में वरुण विहार योजना के प्रथम चरण की लॉटरी आयोजित की गई। इसमें 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले कुल 617 भूखण्डों का आवंटन किया गया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को 162, 288, 300 और 450 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले शेष 727 भूखण्डों के लिए लकी ड्रॉ निकाला जाएगा।
नैमिष नगर में 819 आवेदकों को मिला प्लॉट
वहीं, मार्स हॉल में नैमिष नगर आवासीय योजना के प्रथम चरण की लॉटरी कराई गई। अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि इस योजना में 162 और 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले कुल 819 भूखण्डों का आवंटन किया गया है। शुक्रवार को 288 और 450 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले शेष 133 भूखण्डों के लिए लॉटरी आयोजित की जाएगी।
38 हजार से अधिक लोगों ने किया था आवेदन
एलडीए की दोनों आवासीय योजनाओं के लिए 24 सितंबर से 27 अक्टूबर तक ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया संचालित की गई थी। इस दौरान कुल 38,457 लोगों ने आवेदन किया। तीन दिवसीय लॉटरी के दूसरे दिन तक 1,436 भूखण्डों का आवंटन किया जा चुका है, जबकि अंतिम दिन 860 भूखण्डों के लिए लकी ड्रॉ निकाला जाएगा।
इस तरह तीन दिनों में दोनों योजनाओं के कुल 2,296 भूखण्डों का आवंटन पूरा हो जाएगा। लॉटरी के दौरान वित्त नियंत्रक अनिल कुमार सिंह, संयुक्त सचिव सोमकमल सीताराम, उप सचिव माधवेश कुमार, विशेष कार्याधिकारी राजीव कुमार और रोहित सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
