लखनऊ। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) ने मंगलवार को लखनऊ मेट्रो में नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) सेवा की शुरुआत कर दी। ‘एक देश, एक कार्ड’ की संकल्पना पर आधारित इस सुविधा का लाभ अब लखनऊ मेट्रो के यात्रियों को भी मिलेगा। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने इस सेवा का शुभारंभ किया। इस दौरान मेट्रो के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
सुशील कुमार ने बताया कि कानपुर और आगरा के बाद अब लखनऊ मेट्रो में भी NCMC कार्ड की शुरुआत की गई है। यह एक इंटर-ऑपरेबल ट्रांसपोर्ट कार्ड है, जिसका इस्तेमाल देश के उन अन्य मेट्रो, बस, पार्किंग और रिटेल सेवाओं में भी किया जा सकता है, जहां NCMC की सुविधा उपलब्ध है।
NCMC कार्ड से यात्रियों को अलग-अलग परिवहन सेवाओं के लिए बार-बार टिकट लेने की जरूरत नहीं होगी। इससे यात्रा आसान होने के साथ समय और ऊर्जा की भी बचत होगी। फिलहाल यात्री लखनऊ मेट्रो में GoSmart Card और NCMC Card दोनों से यात्रा कर सकते हैं।
यूपीएमआरसी ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपने पुराने GoSmart Card में मौजूद शेष राशि का इस्तेमाल कर लें। जल्द ही एक विशेष एक्सचेंज विंडो शुरू की जाएगी, जहां यात्री 30 दिनों के भीतर बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपना GoSmart Card NCMC Card में बदल सकेंगे।
NCMC कार्ड के प्रमुख फायदे
- यात्रा के लिए टिकट की लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी।
- NCMC से यात्रा करने पर अलग से टिकट लेने की आवश्यकता नहीं होगी।
- NCMC स्वीकार करने वाली मेट्रो, बस, पार्किंग और रिटेल सेवाओं में इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा।
- लखनऊ मेट्रो में हर यात्रा पर 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
कहां मिलेगा NCMC कार्ड?
NCMC कार्ड लखनऊ मेट्रो के सभी स्टेशनों पर मौजूद एयरटेल पेमेंट्स बैंक के काउंटर और कियोस्क से प्राप्त किया जा सकता है। कार्ड जारी करने का शुल्क 100 रुपये है, जो रिफंडेबल नहीं होगा। मोबाइल फोन पर OTP के जरिए भी कार्ड जारी किया जा सकेगा और इसके लिए KYC की जरूरत नहीं होगी।
इसके अलावा NCMC कार्ड को विभिन्न बैंकों से भी जारी कराया जा सकता है। कार्ड में NCMC कियोस्क, टिकट वेंडिंग मशीन (TVM), लखनऊ मेट्रो ऐप और एयरटेल ऐप के जरिए डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और UPI से आसानी से रिचार्ज किया जा सकेगा।
