लखनऊ। बसंतकुंज योजना स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल में मॉर्निंग वॉक और योग करने आने वाले लोगों को अब प्रवेश शुल्क नहीं देना होगा। रक्षामंत्री एवं लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह की पहल पर लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने सुबह के समय मॉर्निंग वॉकर्स के लिए प्रवेश निःशुल्क करने का फैसला लिया है।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शनिवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए। नई व्यवस्था के तहत राष्ट्र प्रेरणा स्थल में सुबह 5 बजे से 8 बजे तक सभी नागरिकों को मुफ्त प्रवेश की सुविधा मिलेगी। इसके बाद निर्धारित प्रवेश शुल्क लागू रहेगा।
उपाध्यक्ष ने बताया कि बसंतकुंज योजना में 65 एकड़ क्षेत्र में विकसित राष्ट्र प्रेरणा स्थल शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में शामिल है, जहां बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग वॉक, योग और अन्य स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के लिए आते हैं। अब तक मॉर्निंग वॉकर्स को भी प्रति व्यक्ति 15 रुपये का प्रवेश शुल्क देना पड़ता था।
हाल ही में पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मॉर्निंग वॉकर्स के लिए निःशुल्क प्रवेश की मांग की थी। इसके बाद उनके निर्देश पर एलडीए ने जनहित में यह निर्णय लिया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर जारी इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। एलडीए का कहना है कि इससे नागरिकों को बेहतर और सुगम वातावरण में स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां करने का अवसर मिलेगा।
