रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ता हजरतगंज कोतवाली पहुंचे और धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया है, जिससे करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव प्रवेश यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कथावाचक ने भगवान श्रीकृष्ण की त्रिभंगी मुद्रा, उनके नाम और बांसुरी बजाने की शैली को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। साथ ही भगवान श्रीकृष्ण की तुलना भगवान श्रीराम से करते हुए ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया, जिसे उन्होंने अनुचित बताया।

श्रीराम और श्रीकृष्ण की महिमा अलग-अलग
प्रवेश यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का व्यक्तित्व उपहास या तुलना का विषय नहीं है। वे प्रेम, करुणा, न्याय, नीति, साहस और धर्म की स्थापना के प्रतीक हैं। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण दोनों सनातन धर्म के आराध्य हैं और दोनों के व्यक्तित्व, लीलाओं तथा आदर्शों का अपना अलग महत्व है।
उन्होंने कहा कि एक भगवान की महिमा बताने के लिए दूसरे के स्वरूप या व्यक्तित्व को कमतर दिखाना उचित नहीं है। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज करने और धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
