रिपोर्ट न्यूज डेस्क, लखनऊ
लखनऊ के विभूतिखंड थाना क्षेत्र स्थित DLF माई पैड बिल्डिंग में देर रात दबंगों द्वारा एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि रात करीब 9 बजे कुछ लोगों ने युवक को घेर लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके शरीर पर चोटें आई हैं।

घायल युवक की पहचान शुभम पाठक के रूप में बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। अब मारपीट का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग युवक के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस वायरल CCTV फुटेज के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। वहीं, पीड़ित पक्ष की ओर से घटना को लेकर कार्रवाई की मांग की गई है।
फिलहाल मारपीट की वजह क्या थी और विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ, इसकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
