Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में मौसम ने बदला मिजाज, कहीं बारिश तो कहीं तेज धूप,...

लखनऊ में मौसम ने बदला मिजाज, कहीं बारिश तो कहीं तेज धूप, हीटवेव का अलर्ट जारी

राजधानी में शनिवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से तेज धूप और उमस के बीच दोपहर करीब 2 बजे शहर के कुछ इलाकों में बादल छा गए और हल्की बारिश शुरू हो गई। गोमतीनगर, चिनहट, कमता और हाईकोर्ट क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई, जबकि हजरतगंज और पुराने लखनऊ के कई हिस्सों में उसी समय तेज धूप बनी रही।

बारिश का दौर करीब 10 मिनट तक चला, जिसके बाद मौसम साफ हो गया और फिर से तेज धूप निकल आई। चिनहट क्षेत्र में बारिश और तेज हवा के चलते कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई, जिसे बारिश रुकने के बाद बहाल कर दिया गया।

मौसम विभाग ने शनिवार के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार लखनऊ का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। साथ ही 20 से 23 जून तक लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बिना आवश्यकता घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.8 डिग्री ज्यादा था। अधिकतम आर्द्रता 62 प्रतिशत और न्यूनतम 33 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई।

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। इसके बावजूद अगले पांच दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी और लू की स्थिति बनी रहेगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल उत्तर प्रदेश और लखनऊ में मानसून के प्रवेश के लिए परिस्थितियां अनुकूल नहीं हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular