Homeउत्तर प्रदेशNDA की बैठक में PM मोदी का पेपर लीक पर बड़ा बयान,...

NDA की बैठक में PM मोदी का पेपर लीक पर बड़ा बयान, बोले- दोषियों को किसी कीमत पर नहीं बख्शेंगे

नई दिल्ली। संसद भवन की लाइब्रेरी बिल्डिंग स्थित जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में मंगलवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) संसदीय दल की विशेष ‘मंगल मिलन’ बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सम्मानित करना और राज्यसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों का स्वागत करना है।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने हाल में सामने आए पेपर लीक के मामलों को गंभीरता से लिया है और इस पर तेजी से कार्रवाई की गई है। पीएम मोदी ने देश के युवाओं को भरोसा दिलाया कि उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

परीक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार परीक्षा प्रणाली को और अधिक मजबूत व पारदर्शी बनाने के लिए जरूरी कदम उठा रही है, ताकि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय मिलकर समाधान निकालने की दिशा में काम किया जाना चाहिए।

PM मोदी के सम्मान में पारित होगा बधाई प्रस्ताव

बैठक में NDA के सहयोगी दल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में बधाई प्रस्ताव भी पारित करेंगे। यह प्रस्ताव उनके सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने की उपलब्धि को लेकर होगा। इसके बाद प्रधानमंत्री बैठक को संबोधित करेंगे।

बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और जी. किशन रेड्डी समेत कई वरिष्ठ नेता पहुंचे। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, किरेन रिजिजू और अर्जुन राम मेघवाल भी बैठक में शामिल हुए।

NCP(I) बैठक से रही दूर

इस बीच, नवगठित नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCP(I)) इस संयुक्त बैठक में शामिल नहीं हुई। बताया गया कि लोकसभा अध्यक्ष की ओर से अभी तक इस समूह के विलय को औपचारिक मान्यता नहीं मिली है। इस समूह में NDA का समर्थन करने वाले तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसद शामिल हैं।

NCP(I) ने रविवार को अपनी पहली स्वतंत्र संसदीय दल की बैठक की थी। पार्टी नेता सुदीप बंद्योपाध्याय ने कहा था कि उनके समूह के लिए अलग सीटिंग व्यवस्था, डिवीजन नंबर और अलग विधायी ब्लॉक को स्वीकार कर लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि उनका समूह NDA सरकार को समर्थन देगा और सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने में सहयोग करेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular