रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 21 नवंबर को लखनऊ दौरे पर हैं। वह गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होने वाले पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। खास बात यह है कि वर्ष 2022 से 2025 तक यह कार्यक्रम दिल्ली में आयोजित होता रहा है, लेकिन पहली बार राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह दिल्ली से बाहर आयोजित किया जा रहा है। इस बार इसकी मेजबानी उत्तर प्रदेश को मिली है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री देशभर के 52 ऑल इंडिया टॉपर्स को सम्मानित करेंगे। इनमें उत्तर प्रदेश के छह होनहार युवाओं के नाम भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है और ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जाएगी। इसके अलावा शहर के करीब 35 मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों की सुविधा के लिए डायवर्जन प्लान जारी किया है।
पीएम की सुरक्षा में 4400 पुलिसकर्मी तैनात
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर लखनऊ में करीब 4400 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में 114 इंस्पेक्टर, 946 सब-इंस्पेक्टर, 108 महिला सब-इंस्पेक्टर, 1967 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल तथा 423 महिला कांस्टेबल शामिल हैं।
इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पीएसी, आरआरएफ, एनएसजी और एटीएस की टीमें भी सक्रिय रहेंगी। सुरक्षा में स्नाइपर, एंटी-ड्रोन सिस्टम, एंटी-ड्रोन टीम और नाइट विजन टीम को भी लगाया गया है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
लखनऊ में ऐसा रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक रास्ते तय किए हैं।
- शहीद पथ: शहीद पथ पर प्रतिबंध के दौरान वाहन हुसेड़िया अंडरपास, हनीमैन चौराहा, ग्वारी चौराहा और दयाल पैराडाइज होकर जा सकेंगे।
- कमता तिराहा: कमता तिराहे से शहीद पथ की ओर वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी। वाहन पॉलीटेक्निक, चिनहट तिराहा और कठौता के रास्ते जा सकेंगे।
- इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान: लोहिया पार्क की ओर से आने वाले वाहन पॉलीटेक्निक होकर आगे जाएंगे। कठौता झील से चिनहट, हनीमैन और हुसेड़िया चौराहे का रास्ता खुला रहेगा।
- कानपुर और उन्नाव मार्ग: इन मार्गों पर प्रतिबंध के चलते वाहन दरोगाखेड़ा और किसान पथ अंडरपास का इस्तेमाल कर सकेंगे। स्कूटर इंडिया चौराहे से भी शहीद पथ के बजाय किसान पथ का रास्ता अपनाना होगा।
- पॉलीटेक्निक चौराहा: यहां प्रतिबंध के दौरान हजरतगंज जाने वाले वाहन भूतनाथ, बादशाहनगर और निशातगंज होकर जाएंगे। समता मूलक चौराहे से पेपर मिल कॉलोनी, गोमती बैराज और 1090 चौराहे होते हुए बालू अड्डा पहुंचा जा सकेगा।
- अहिमामऊ: यहां प्रतिबंध के दौरान सुल्तानपुर और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन जलसा रिसॉर्ट के सामने से किसान पथ का इस्तेमाल कर सकेंगे।
यूपी के इन 6 युवाओं को मिलेगा सम्मान
राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के 52 सर्वश्रेष्ठ आईटीआई टॉपर्स को सम्मानित करेंगे। इस सूची में उत्तर प्रदेश के छह युवाओं ने जगह बनाई है। इनमें देवरिया के नीतेश चौरसिया, फैजाबाद की काजल महावर और लखनऊ के अब्दुल मोबीन, शाहबाज खान, प्राची विश्वकर्मा तथा प्रतिभा शामिल हैं।
लखनऊ के अलीगंज स्थित राजकीय आईटीआई के छात्र अब्दुल मोबीन ने मैकेनिक डीजल ट्रेड में 600 में से 599 अंक हासिल कर देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं शाहबाज खान, प्राची विश्वकर्मा और प्रतिभा ने 750 में से 745 अंक हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया है।
शाम 5:30 बजे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगा कार्यक्रम
पांचवां राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह 21 नवंबर को शाम 5:30 बजे गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होगा। वर्ष 2022 से 2025 तक यह कार्यक्रम दिल्ली में होता रहा है। इस बार उत्तर प्रदेश को इसकी मेजबानी मिलने से प्रदेश के कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद है।
