भुवनेश्वर/मयूरभंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के एक दिवसीय दौरे के दौरान राज्य को 47 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के साथ ओडिशा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित जनसभा को भी संबोधित किया।
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और राज्यपाल डॉ. हरिबाबू कम्भमपति के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति मुर्मू भी इस विशेष कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के साथ मौजूद रहीं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति पूर्वाह्न करीब 11:15 बजे मयूरभंज जिले के पहाड़पुर गांव पहुंचे। यहां उन्होंने संथाली जाहेरा और हो जाहेरा के पवित्र उपवनों में पूजा-अर्चना की। इसके बाद दोनों नेताओं ने स्किल सेंटर और पहाड़पुर स्कूल का भी दौरा किया।
इस अवसर पर जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, कौशल विकास तथा सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया गया।
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति मुर्मू के पैतृक गांव का भ्रमण किया और उनके विद्यालय का भी अवलोकन किया। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए क्षेत्र में सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल रहा। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य और गीतों के माध्यम से उनका स्वागत करते नजर आए।
राष्ट्रपति के जन्मदिन के अवसर पर लोगों ने विभिन्न स्थानों पर बधाई संदेश वाले प्लेकार्ड प्रदर्शित किए। पहाड़पुर जाते समय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने काफिले को रोककर सड़क किनारे खड़े बच्चों से मुलाकात की और उन्हें चॉकलेट वितरित की। बच्चे लंबे समय से उनकी एक झलक पाने के लिए उत्सुकता से इंतजार कर रहे थे।
महुलीपाड़ा स्थित अपने आवास से निकलकर राष्ट्रपति पहाड़पुर पहुंचीं, जहां मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति की इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र में उत्साह और गौरव का माहौल बना दिया।
