लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचे। जिले की सीमा में प्रवेश करने के बाद उन्होंने सबसे पहले चुरुआ हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और बजरंग बली का आशीर्वाद लिया।
मंदिर में दर्शन के बाद राहुल गांधी बछरावां क्षेत्र के ठकुराइन खेड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने बारात घर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास कार्यों और स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की। कार्यक्रम स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौजूद रही।
राहुल गांधी के इस दौरे को राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। पार्टी नेताओं के मुताबिक, वह अपने दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और संगठन को मजबूत करने पर फोकस करेंगे।
बुधवार को राहुल गांधी अमेठी में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वहां वह महिलाओं से संवाद, संविधान पर चर्चा और खीरो में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा भुएमऊ गेस्ट हाउस में जनता की समस्याएं भी सुनेंगे।
कांग्रेस पार्टी की ओर से राहुल गांधी के दौरे को लेकर पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं। रायबरेली और अमेठी में जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं।
