राजनाथ सिंह ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अब भारत चुपचाप सहने वाला देश नहीं रहा और अगर देश के नागरिकों पर हमला हुआ तो उसका जवाब दुश्मन के घर में घुसकर दिया जाएगा।
राजस्थान में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने समय-समय पर यह साबित किया है कि वह सीमा पार जाकर भी आतंकियों को खत्म करने की क्षमता रखती है।
राजनाथ सिंह ने 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक और 2019 की बालाकोट एयरस्ट्राइक का जिक्र करते हुए कहा कि इन अभियानों ने दुनिया को भारत की नई सुरक्षा नीति का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बालाकोट एयरस्ट्राइक में आतंकियों के ट्रेनिंग कैंप तबाह किए गए थे, जबकि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने तो इतिहास ही बदल दिया।
रक्षा मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने ऐसा जवाब दिया कि दुश्मन के होश उड़ गए। उन्होंने दो टूक कहा कि कोई भी सीमा या सरहद भारतीय सेना के कदम नहीं रोक सकती।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में भारत की सुरक्षा नीति में ऐतिहासिक बदलाव हुआ है। सरकार और सेना मिलकर देश की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
राजनाथ सिंह ने कहा कि जिस तरह सेना देश की सीमाओं की रक्षा कर रही है, उसी तरह सरकार भी सैनिकों के हितों और सुरक्षा से जुड़े फैसलों में पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है।
