Homeउत्तर प्रदेशराजनाथ सिंह बोले- चुनाव हारें या जीतें, जो उचित होगा वही करूंगा

राजनाथ सिंह बोले- चुनाव हारें या जीतें, जो उचित होगा वही करूंगा

रिपोर्ट- प्रिया बाजपेई शुक्ला

लखनऊ। रक्षामंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि राजनीति में फैसले चुनावी फायदे को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि समाज के हित को देखते हुए होने चाहिए। उन्होंने कहा कि अगला चुनाव जीतना जरूरी नहीं, बल्कि अगली पीढ़ी का भविष्य बेहतर बनाना ज्यादा महत्वपूर्ण है।

सुल्तानपुर रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज के राजयोग प्रशिक्षण केंद्र गुलजार उपवन में नवनिर्मित दिव्य संस्कृति भवन का लोकार्पण करने पहुंचे राजनाथ सिंह ने कहा कि कई बार उनके साथी किसी फैसले से चुनावी नुकसान की आशंका जताते हैं। उन्हें लगता है कि इससे लोग नाराज हो सकते हैं। लेकिन उनका स्पष्ट कहना है कि चुनाव हारें या जीतें, जो उचित होगा, वही किया जाएगा।

उन्होंने युवाओं से सफलता के साथ चरित्र निर्माण पर भी ध्यान देने की अपील की। राजनाथ सिंह ने कहा कि करियर पहचान दिलाता है, जबकि चरित्र सम्मान दिलाता है। केवल सफल होना ही जीवन का उद्देश्य नहीं होना चाहिए। यह भी देखना जरूरी है कि व्यक्ति के होने से कितने लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया।

स्वामी विवेकानंद का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने व्यक्तित्व और चरित्र को मजबूत बनाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने युवाओं से समाज की कमियों को केवल आलोचना तक सीमित न रखने और उन्हें दूर करने की जिम्मेदारी उठाने की अपील भी की।

राजनाथ सिंह ने तकनीक को लेकर कहा कि आज युवाओं के पास सूचना और संचार के बेहतर साधन हैं, लेकिन सूचनाओं की अधिकता के बीच सही और गलत की पहचान करना चुनौती है। तकनीक का इस्तेमाल करें, लेकिन उसके गुलाम न बनें और अपनी जड़ों से जुड़े रहें।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बताया कि वह पिछले चार दिनों से वायरल संक्रमण के कारण अस्वस्थ हैं, जिसके चलते उनकी आवाज बदली हुई है। इसके लिए उन्होंने मौजूद लोगों से क्षमा मांगी। उन्होंने कहा कि उनकी डोर लखनऊ से बंधी है और वह कहीं भी रहें, उनका मन लखनऊ की ओर आता रहता है।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। इससे पहले एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने राजनाथ सिंह का स्वागत किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular