मुंबई। साउथ सुपरस्टार Ram Charan की बहुप्रतीक्षित पैन-इंडिया फिल्म Peddi ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त धमाका कर दिया है। 4 जून को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले ही दिन वैश्विक स्तर पर ₹135.36 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन दर्ज कर नया रिकॉर्ड बना दिया।
फिल्म में राम चरण के साथ Janhvi Kapoor, Jagapathi Babu, Shiva Rajkumar, Ravi Kishan और Divyenndu Sharma अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। रिलीज से पहले फिल्म के ट्रेलर, म्यूजिक और प्रमोशनल कैंपेन ने दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया था, जिसका असर अब बॉक्स ऑफिस पर साफ दिखाई दे रहा है।
फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। यही वजह है कि हिंदी संस्करण में भी फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया है। ट्रेड विश्लेषकों का मानना है कि वीकेंड के दौरान फिल्म की कमाई में और बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है।
‘पेद्दि’ की सफलता राम चरण के करियर के लिए भी बेहद खास मानी जा रही है। ब्लॉकबस्टर फिल्म RRR के बाद यह उनकी दूसरी फिल्म है जिसने पहले दिन ₹100 करोड़ से अधिक का कारोबार किया है। इसके साथ ही वह एक से अधिक बार ₹100 करोड़ की ओपनिंग देने वाले दुनिया के चुनिंदा अभिनेताओं की सूची में शामिल हो गए हैं।
फिल्म का निर्देशन Buchi Babu Sana ने किया है, जबकि संगीत ऑस्कर विजेता A. R. Rahman ने दिया है। फिल्म के गाने पहले ही सोशल मीडिया और यूट्यूब पर धूम मचा चुके हैं। ‘चिकिरी चिकिरी’, ‘रई रई रा रा’ और ‘हेल्लाल्लाल्लो’ जैसे गीतों को करोड़ों व्यूज मिल चुके हैं।
‘पेद्दि’ की कहानी एक ऐसे एथलीट के संघर्ष, जुनून और सपनों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी मंजिल हासिल करने के लिए हर चुनौती का सामना करता है। दमदार कहानी, शानदार अभिनय और भव्य प्रस्तुति के चलते फिल्म को इस साल की सबसे बड़ी सिनेमाई पेशकशों में से एक माना जा रहा है।
फिल्म का निर्माण वेंकट सतीश किलारू ने ‘वृद्धि सिनेमाज’ के बैनर तले किया है। इसमें ‘माइथ्री मूवी मेकर्स’, ‘सुकुमार राइटिंग्स’ और ‘आईवी एंटरटेनमेंट’ का सहयोग भी शामिल है। वहीं उत्तर भारत में फिल्म के वितरण की जिम्मेदारी Jio Studios ने संभाली है।
बॉक्स ऑफिस पर मिली धमाकेदार शुरुआत के बाद अब सभी की निगाहें फिल्म के वीकेंड कलेक्शन पर टिकी हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि ‘पेद्दि’ आने वाले दिनों में कई नए रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।
