Homeउत्तर प्रदेशराम उत्सव में गूंजा भक्ति और संस्कृति का संगम, कत्थक प्रस्तुति ने...

राम उत्सव में गूंजा भक्ति और संस्कृति का संगम, कत्थक प्रस्तुति ने मोहा मन

लखनऊ के इंदिरा नगर में संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश, वैदिक शोध संस्कृत विभाग तुलसी वन अयोध्या और समानता का सम्मान धौलपुर के संयुक्त तत्वावधान में भव्य राम उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्शों, मानवीय मूल्यों और समाज के शोषित एवं वंचित वर्गों के उत्थान में उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाना था।

कार्यक्रम का नेतृत्व दर्जा प्राप्त मंत्री देविका एस मंगलामुखी ने किया। इस अवसर पर बबीता अग्रवाल (सचिव, आशा महिला एवं बाल कल्याण समिति), कवित्री प्रतिभा श्रीवास्तव, प्रमोद श्रीवास्तव, डीआईजी किरण यादव, शिक्षाविद् डॉ. सुधा मिश्रा और प्रसिद्ध कत्थक नृत्यांगना डॉ. आकांक्षा श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत राम वंदना से हुई। डॉ. आकांक्षा श्रीवास्तव, सपना सिंह, अनामिका यादव, आकांक्षा वर्मा और आदित्य शुक्ला ने अपनी मनमोहक कत्थक प्रस्तुति से भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों को जीवंत कर दिया। दर्शकों ने उनकी प्रस्तुति की खूब सराहना की।

इसके बाद निखिल कसौधन ने “शंकर अति प्रचंड” की प्रस्तुति देकर पूरे माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण “सरगम धुन” की प्रस्तुति रही, जिसे डॉ. आकांक्षा श्रीवास्तव, आरोहणी चौधरी और प्रखर मिश्रा ने अपनी शानदार प्रस्तुति से यादगार बना दिया।

उल्लेखनीय है कि डॉ. आकांक्षा श्रीवास्तव को वर्ष 2023 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। उनकी टीम की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और राम उत्सव को भक्ति, संस्कृति और कला का अनूठा संगम बना दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular