रिपोर्ट: अजयपाल यादव, बदायूं
बदायूं के सहसवान कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब अकबराबाद चौराहे के पास एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी विकराल थी कि आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 9 बजे अकबराबाद रोड स्थित रेडीमेड कपड़ों की दुकान में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में दुकान के अंदर रखा कपड़ों का सामान तेजी से जलने लगा। दुकान से उठतीं आग की ऊंची-ऊंची लपटों और धुएं को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
आग बढ़ती देख बाजार के दुकानदारों ने आनन-फानन में अपनी-अपनी दुकानें बंद करनी शुरू कर दीं। कई दुकानदार और स्थानीय लोग सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। लोगों को आशंका थी कि आग आसपास की दुकानों तक भी पहुंच सकती है।
घटना की सूचना मिलते ही सहसवान कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की।
आग की चपेट में आने से दुकान में रखा रेडीमेड कपड़ों का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। शुरुआती तौर पर दुकानदार को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद किया जाएगा।
गनीमत रही कि आग लगने की इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। अगर आग आसपास की दुकानों तक फैल जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
