कॉमेडियन समय रैना इन दिनों अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ पर्सनल लाइफ को लेकर भी चर्चा में हैं। पिछले कुछ समय से उनका नाम कॉमेडियन शेरोन वर्मा के साथ जोड़ा जा रहा है। दोनों की साथ में नजर आने वाली तस्वीरों और ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में उनकी मस्ती भरी बातचीत के बाद डेटिंग की खबरों ने जोर पकड़ लिया।
अब खुद समय रैना ने इन अफवाहों पर प्रतिक्रिया दी है।
शेरोन को डेट करने के सवाल पर क्या बोले समय?
हाल ही में समय रैना ने इंस्टाग्राम पर ‘आस्क मी एनीथिंग’ सेशन रखा था। उन्होंने फैंस से सिर्फ ‘जेन्युइन सवाल’ पूछने के लिए कहा। इसी दौरान एक यूजर ने उनसे पूछा कि क्या वह शेरोन वर्मा को डेट कर रहे हैं?
इस सवाल का जवाब देते हुए समय रैना ने साफ कहा, “नहीं भाई, बस इंटरनेट अपना काम कर रहा है।”
समय के इस जवाब से साफ है कि उन्होंने शेरोन वर्मा के साथ डेटिंग की खबरों को खारिज किया है। दोनों की दोस्ती और शो में नजर आने वाली उनकी बॉन्डिंग को लेकर ही सोशल मीडिया पर कयास लगाए जा रहे हैं।
‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में दिखी दोनों की जबरदस्त बॉन्डिंग
‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में शेरोन वर्मा पैनलिस्ट के तौर पर नजर आईं। शो के दौरान समय और शेरोन के बीच मजेदार बातचीत और नोंकझोंक देखने को मिली। उनकी केमिस्ट्री को दर्शकों ने भी काफी पसंद किया।
बता दें कि शेरोन ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के पहले सीजन में कंटेस्टेंट के तौर पर नजर आई थीं। वहीं दूसरे सीजन में वह पैनलिस्ट के रूप में शामिल हुई हैं और अब तक दो एपिसोड में दिखाई दे चुकी हैं।
मेधा शंकर के साथ भी जुड़ चुका है नाम
शेरोन वर्मा के अलावा समय रैना का नाम एक्ट्रेस मेधा शंकर के साथ भी जोड़ा जा रहा है। हाल के दिनों में दोनों को एक फ्लाइट और मुंबई एयरपोर्ट पर साथ देखा गया था। जुलाई 2026 में भी दोनों कुछ इवेंट्स में साथ नजर आए थे।
इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। मेधा शंकर हाल ही में समय रैना के शो में भी नजर आई थीं। हालांकि, समय और मेधा की डेटिंग को लेकर भी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
