लखनऊ। आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोमवार को लखनऊ में प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने स्मार्ट मीटरों को ‘स्मार्ट चीटर’ बताते हुए आरोप लगाया कि ये आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रहे हैं।
संजय सिंह ने कहा कि जहां पहले बिजली बिल करीब 1500 रुपये आता था, वहीं अब बढ़कर 6000-7000 रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रीपेड मीटर में रिचार्ज के बाद भी कई बार 10-12 घंटे तक बिजली बहाल नहीं होती।
3 मई से राज्यव्यापी आंदोलन
AAP नेता ने घोषणा की कि पार्टी 3 मई से पूरे उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। इस अभियान में हस्ताक्षर अभियान, जनजागरण और विरोध प्रदर्शन शामिल होंगे।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में लगाए गए करीब 80 लाख स्मार्ट मीटरों में से 70 लाख प्रीपेड हैं, जो उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं।
रोजगार दो–सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा
संजय सिंह ने पार्टी की आगामी पदयात्रा की भी घोषणा की। यह यात्रा 16 मई को मेरठ से शुरू होकर 20 मई को गाजियाबाद में समाप्त होगी। इसमें रोजगार, सामाजिक न्याय और किसानों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
फीस वृद्धि और अन्य मुद्दों पर भी घेरा
प्रेसवार्ता में संजय सिंह ने लखनऊ विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि का विरोध करते हुए इसे छात्रों के साथ अन्याय बताया और इस मुद्दे पर सरकार को पत्र लिखने की बात कही।
इसके अलावा उन्होंने केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया और पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर ममता बनर्जी के नेतृत्व में जीत का दावा किया।
न्यायपालिका और लोकतंत्र पर बयान
न्यायपालिका से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि निष्पक्षता लोकतंत्र की आत्मा है और यदि किसी जज की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं, तो उन्हें खुद उस मामले से अलग हो जाना चाहिए।
स्वास्थ्य-शिक्षा और ‘ऑपरेशन लोटस’ पर हमला
संजय सिंह ने स्वास्थ्य और शिक्षा को सरकार की प्राथमिकताओं से बाहर बताते हुए मिर्जापुर की घटना का जिक्र किया। साथ ही भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि अन्य दलों को तोड़ने के लिए दबाव और एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में “ऑपरेशन लोटस” का जवाब AAP “ऑपरेशन पीटस” से देगी।
