Homeनई दिल्लीसरकार ने 4 दिन में 5 बार बातचीत की कोशिश की, CJP...

सरकार ने 4 दिन में 5 बार बातचीत की कोशिश की, CJP ने न्यूट्रल वेन्यू की मांग पर अड़कर रोकी थी बात

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर जारी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के बीच सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत का रास्ता अब साफ होता नजर आ रहा है। सरकार ने पिछले चार दिनों में करीब पांच बार CJP से संवाद की कोशिश की, लेकिन बैठक की जगह को लेकर सहमति नहीं बन पाने के कारण बातचीत आगे नहीं बढ़ सकी।

इससे पहले 20 जुलाई को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के आवास पर सरकार और CJP प्रतिनिधिमंडल के बीच बातचीत हुई थी, लेकिन बैठक बेनतीजा रही। इसके बाद सरकार की ओर से कई बार CJP को नड्डा के आवास या कार्यालय पर बातचीत का प्रस्ताव दिया गया। हालांकि, CJP ने किसी नेता के घर या ऑफिस जाने से इनकार करते हुए न्यूट्रल वेन्यू पर बातचीत की मांग रखी।

जंतर-मंतर पर शुक्रवार सुबह फिर से लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई।

CJP के प्रवक्ता सौरव दास के मुताबिक, सरकार अब न्यूट्रल जगह पर बातचीत के लिए तैयार हो गई है। इसी के तहत शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में दोनों पक्षों के बीच बैठक प्रस्तावित है। सरकार की ओर से बातचीत की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह को दी गई है।

इस बीच सोनम वांगचुक ने 26 दिन बाद अपना अनशन खत्म कर दिया। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने देर रात मेदांता अस्पताल पहुंचकर उन्हें जूस पिलाया। वांगचुक ने कहा कि सरकार की ओर से उन्हें छात्रों के खिलाफ केस न दर्ज करने, आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और पेपर लीक व परीक्षा व्यवस्था पर संसद में चर्चा कराने का लिखित आश्वासन मिला है।

हालांकि, CJP की मांगों में शामिल शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर अभी कोई सहमति नहीं बनी है। CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी रहेगा।

उधर, प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। दिल्ली मेट्रो के 17 स्टेशन बंद किए गए हैं, जबकि प्रदर्शनकारियों की ओर से देशभर में विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया गया है। CJP का कहना है कि सरकार पर दबाव बढ़ रहा है, जबकि सरकार बातचीत के जरिए गतिरोध खत्म करने की कोशिश में जुटी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular