Homeउत्तर प्रदेशस्टेट बैंक कर्मचारियों का प्रदर्शन और कैंडल मार्च, 25-26 मई की देशव्यापी...

स्टेट बैंक कर्मचारियों का प्रदर्शन और कैंडल मार्च, 25-26 मई की देशव्यापी हड़ताल का ऐलान

Lucknow में State Bank of India कर्मचारियों ने अपनी 16 सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और कैंडल मार्च निकालकर बैंक प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया। यह विरोध कार्यक्रम 25 और 26 मई को प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल से पहले आयोजित किया गया।

स्टेट बैंक मुख्य शाखा के बाहर आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व महामंत्री डीके सिंह ने किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने “बैंक मैनेजमेंट हाय-हाय”, “हमारी मांगे पूरी करो” और “बंधुआ मजदूरी बंद करो” जैसे नारे लगाते हुए प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश जताया।

महामंत्री डीके सिंह ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से संदेशवाहक और सशस्त्र गार्डों की भर्ती, पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति, स्थायी पदों पर आउटसोर्सिंग बंद करने, मेडिकल रीइंबर्समेंट योजना में सुधार और पेंशन संबंधी विसंगतियों को दूर करने जैसी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि हड़ताल के कारण आम लोगों को परेशानी होती है तो इसकी जिम्मेदारी सीधे तौर पर बैंक प्रबंधन की होगी।

प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने स्टेट बैंक मुख्य शाखा से कैंडल मार्च निकाला। यह मार्च केडी बाबू सिंह स्टेडियम मुख्य गेट, डीएम कार्यालय, हिंदी संस्थान और स्टेट बैंक प्रधान कार्यालय से होकर वापस मुख्य शाखा पर समाप्त हुआ।

कार्यक्रम के संचालन में आशुतोष वर्मा, बृजेश तिवारी, शिव कुमार, आर.पी. सिंह, अवधेश सिंह, तारकेश्वर चौहान, आकाश शर्मा, राकेश कुमार, अंकुर अग्रवाल, अमित सिंह और पंकज पटेल सहित कई कर्मचारी शामिल रहे।

मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि 23 मई को उप मुख्य श्रम आयुक्त के साथ होने वाली वार्ता में यदि कोई समाधान नहीं निकलता है तो 25 और 26 मई को हर हाल में स्टेट बैंक कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular