बदलते दौर में बच्चों की दुनिया अब सिर्फ किताबों और कार्टून तक सीमित नहीं रह गई है। वे अपने आसपास के लोगों में भी सुपरहीरो तलाश लेते हैं।
इसी भावनात्मक सोच और पारिवारिक रिश्तों को बड़े पर्दे पर उतारने आ रही फिल्म The Great Grand Superhero इन दिनों चर्चा में है। फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में दिग्गज अभिनेता Jackie Shroff और तीन बार राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक Manish Saini सोमवार को लखनऊ पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से खास बातचीत की।
बातचीत के दौरान जैकी श्रॉफ ने बच्चों के साथ अपने खास जुड़ाव को साझा करते हुए कहा कि वे बच्चों के बीच खुद भी बच्चा बन जाते हैं। उन्होंने कहा, “मुझे सारे बच्चे मेरे बेटे टाइगर की तरह लगते हैं। परिवारों को बच्चों को यह समझाना चाहिए कि खेलो-कूदो, लेकिन एक सीमा के भीतर। हर चीज़ की एक लक्ष्मण रेखा होती है।”
एकल परिवारों पर चिंता जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों को अपने माता-पिता को साथ लेकर चलना चाहिए। उनके मुताबिक परिवारों के बीच जुड़ाव और संस्कार बच्चों की सोच को मजबूत बनाते हैं।
वहीं निर्देशक मनीष सैनी ने बताया कि फिल्म एक ऐसे किरदार की कहानी है जो बच्चों की कल्पनाओं में सुपरहीरो बन जाता है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पहली बार फिल्म की कहानी जैकी श्रॉफ को सुनाई, तभी उन्हें महसूस हो गया था कि यह किरदार सिर्फ वही निभा सकते हैं।
“जैकी दादा के भीतर एक बच्चा है, जो इस किरदार को बेहद खूबसूरती से जीवंत बनाता है,” उन्होंने कहा।
मनीष सैनी ने आगे बताया कि जैकी श्रॉफ खुद को “नॉन-एक्टर” कहते हैं, लेकिन कैमरे पर उनका अभिनय कई बार निर्देशक की कल्पना से भी आगे निकल जाता है। उन्होंने कहा कि फिल्म बच्चों और परिवारों दोनों को भावनात्मक रूप से जोड़ने का काम करेगी।
हाल ही में रिलीज़ हुए फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। खासकर बच्चों के बीच फिल्म को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। Zee Studios और Amdavad Films के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन और लेखन मनीष सैनी ने किया है। फिल्म 29 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
