Homeउत्तर प्रदेशअग्निकांड, ओलावृष्टि और अतिवृष्टि से फसल क्षति पर राहत तेज, हजारों किसानों...

अग्निकांड, ओलावृष्टि और अतिवृष्टि से फसल क्षति पर राहत तेज, हजारों किसानों को आर्थिक सहायता

लखनऊ। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के निर्देश पर उत्तर प्रदेश सरकार ने अग्निकांड, ओलावृष्टि और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। प्रशासन को फील्ड में सक्रिय रहते हुए फसल क्षति का त्वरित आकलन और सहायता वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई भी किसान मदद से वंचित न रह जाए।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2026-27 में अग्निकांड की घटनाओं से बाराबंकी, बलिया, बांदा, महराजगंज, मथुरा, पीलीभीत, रामपुर और सोनभद्र समेत 8 जनपदों में 111.134 हेक्टेयर फसल क्षति दर्ज की गई। इस आपदा से प्रभावित 668 किसानों में से 51 किसानों को अब तक ₹1,81,963 की राहत राशि वितरित की जा चुकी है।

वहीं ओलावृष्टि से मथुरा, जालौन, हरदोई, बुलंदशहर, औरैया, संभल, शाहजहांपुर, आगरा, अलीगढ़, कन्नौज, ललितपुर, सहारनपुर और उन्नाव सहित 13 जनपदों में 38,369.72 हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई है। इस आपदा में 1,07,104 प्रभावित किसानों में से 23,983 किसानों को ₹14,92,60,448 की सहायता राशि दी जा चुकी है।

इसके अलावा अतिवृष्टि के कारण कानपुर देहात, शाहजहांपुर, रामपुर, जालौन, बुलंदशहर, गोंडा, मथुरा, पीलीभीत और सहारनपुर सहित 9 जनपदों में 1,358.678 हेक्टेयर फसल क्षति दर्ज की गई है। यहां 3,920 प्रभावित किसानों में से 1,849 किसानों को ₹1,09,87,132 की राहत राशि वितरित की गई है।

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि शेष प्रभावित किसानों को भी शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे किसानों को समयबद्ध राहत मिल सके और वे अगली फसल की तैयारी बिना बाधा के कर सकें।


RELATED ARTICLES

Most Popular