Homeउत्तर प्रदेशयूपी समेत दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी का कहर, 23 मई तक हीटवेव...

यूपी समेत दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी का कहर, 23 मई तक हीटवेव का अलर्ट

उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 23 मई तक उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण लू और उमस भरी गर्मी की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार बुंदेलखंड, पश्चिमी यूपी और पूर्वांचल के कई जिलों में हीटवेव से लेकर सीवियर हीटवेव की स्थिति बन सकती है। साथ ही पूरे प्रदेश में रात के समय भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है।

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि अगले सात दिनों तक तापमान सामान्य से 3 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। दिन के साथ-साथ रात में भी तापमान ऊंचा रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

वहीं, दिल्ली-एनसीआर में भी भीषण गर्मी का असर जारी है। राजधानी में पिछले कुछ दिनों से तेज लू चल रही है, जिसके चलते मौसम विभाग ने अपने येलो अलर्ट को बढ़ाकर ऑरेंज अलर्ट कर दिया है। आईएमडी के मुताबिक दिल्ली में अगले दो दिनों तक लू से लेकर गंभीर लू की स्थिति बनी रह सकती है, जबकि आने वाले दिनों में भी गर्म हवाओं से राहत मिलने की उम्मीद कम है।

मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले पांच दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि इस दौरान अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने की संभावना नहीं है। विभाग के अनुसार, जब तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंचकर सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक हो जाता है, तब हीटवेव घोषित की जाती है।

गर्मी से बचने के लिए बरतें सावधानी

  • धूप में निकलने से बचें और हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें।
  • बाहर जाते समय सिर को टोपी, गमछे या छाते से ढकें।
  • शरीर में पानी की कमी न होने दें और बार-बार पानी पीते रहें।
  • घर और वाहनों में अग्निशामक यंत्र रखने की सलाह दी गई है।
  • बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें।
RELATED ARTICLES

Most Popular