Homeउत्तर प्रदेशधनतेरस पर यूपी के 1.42 करोड़ स्कूली बच्चों को परोसा गया हलवा,...

धनतेरस पर यूपी के 1.42 करोड़ स्कूली बच्चों को परोसा गया हलवा, 1.33 लाख से अधिक विद्यालयों में हुआ विशेष आयोजन

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

धनतेरस पर जहां घरों में मिठाइयों और पकवानों के साथ त्योहार की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में भी बच्चों के लिए खास इंतजाम किया गया। पीएम पोषण योजना के तहत प्रदेश के 1.33 लाख से अधिक परिषदीय विद्यालयों में 1.42 करोड़ से ज्यादा विद्यार्थियों को मध्याह्न भोजन में हलवा परोसा गया। इस पहल के जरिए सरकार ने त्योहार की खुशियां स्कूली बच्चों के साथ साझा करने और उनके भोजन को खास बनाने का प्रयास किया।

प्रदेशभर के विद्यालयों में एक साथ हुए इस आयोजन से बच्चों को त्योहार के मौके पर विशेष भोजन का स्वाद चखने का अवसर मिला। आमतौर पर घरों में त्योहारों पर बनने वाला हलवा जब स्कूल की थाली में पहुंचा तो बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन भी खास बन गया। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना भी रहा कि त्योहारों की खुशियां हर वर्ग और हर बच्चे तक पहुंचें।

साप्ताहिक मेन्यू में हलवा और उपमा शामिल

पीएम पोषण योजना के तहत सरकार का जोर बच्चों को नियमित भोजन उपलब्ध कराने के साथ ही उनके खाने में विविधता लाने पर भी है। इसी उद्देश्य से हलवा और उपमा को साप्ताहिक मेन्यू में शामिल किया गया है। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार महीने के पहले और तीसरे सप्ताह में बच्चों को हलवा परोसा जाएगा, जबकि दूसरे, चौथे और पांचवें सप्ताह में उपमा दिया जाएगा। इससे बच्चों को नियमित भोजन के साथ अलग-अलग स्वाद का विकल्प भी मिलेगा।

भोजन की गुणवत्ता और वितरण की होगी निगरानी

विद्यालयों में निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन वितरण सुनिश्चित करने के लिए निगरानी व्यवस्था भी बनाई गई है। इसके तहत मां समूहों, विद्यालय प्रबंध समितियों और टास्क फोर्स को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनकी निगरानी में भोजन की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी, ताकि बच्चों को तय कार्यक्रम के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular